
आगरा जिला ब्यूरो चीफ नरेश कुमार की रिपोर्ट
होटल बुकिंग और गाइड उपलब्ध कराने के नाम पर पर्यटकों को कर रहे थे परेशान, पर्यटन पुलिस की कार्रवाई
आगरा। ताजमहल के आसपास पर्यटकों को घेरकर उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान करने और होटल बुकिंग व गाइड उपलब्ध कराने के नाम पर दबाव बनाने वाले तीन लपकों को पर्यटन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट आगरा एवं पुलिस उपायुक्त नगर के निर्देश पर पर्यटन स्थलों के आसपास पर्यटकों को परेशान करने वाले लपकों, हॉकरों और अवैध गाइडों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में रविवार, 13 सितंबर को थाना पर्यटन पुलिस टीम ताजमहल के आसपास गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पर्यटकों को घेरकर ताजमहल घुमाने, होटल बुक कराने, गाइड उपलब्ध कराने सहित अन्य तरीकों से परेशान करने वाले लपकों की सूचना मिली। सहायक पुलिस आयुक्त ताज सुरक्षा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पर्यटन अभिषेक गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन लपकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
प्रदीप कुमार पुत्र दीनदयाल श्रीवास्तव, निवासी पुरानी मंडी, थाना ताजगंज।
राहुल मेहर पुत्र दीपचंद, निवासी टीला मट्टामल, थाना ताजगंज।
बॉबी पुत्र प्रदीप कुमार, निवासी मदरसा दखनाई गेट, थाना ताजगंज।
पर्यटन पुलिस की इस कार्रवाई से ताजमहल क्षेत्र में पर्यटकों को अनावश्यक रूप से घेरने और परेशान करने वालों में खलबली मची रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों के साथ अभद्रता, जबरन सेवाएं लेने का दबाव बनाने या अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम: थानाध्यक्ष अभिषेक गुप्ता, उपनिरीक्षक अरुण कुमार, कांस्टेबल अंकित कुमार, निष्कर्ष गौतम, वात्सल्य एवं प्रिंस कुमार शामिल रहे।
