
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। भारतीय जनता पार्टी भदोही नगर मंडल की संगठनात्मक बैठक शनिवार को मर्यादपट्टी स्थित पूर्व विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी के कार्यालय में हुई। इसमें 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ को लेकर कार्ययोजना पर चर्चा की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू होने वाले अभियान के तहत सेवा कार्यों को बूथ स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। बैठक के मुख्य अतिथि मंडल प्रभारी नागेंद्र सिंह रहे।
अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने की। पूर्व विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी और पूर्व नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अशोक जायसवाल भी मौजूद रहे।
मंडल प्रभारी नागेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य और प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ अधिक से अधिक लोगों को जनसेवा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
उन्होंने शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर शक्ति केंद्र संयोजकों, शक्ति केंद्र प्रभारियों और बूथ अध्यक्षों के साथ चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से पार्टी के कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने को कहा गया।
बैठक में नंदलाल यादव, सुभाष मौर्या, दिलीप गुप्ता, विनय उमरवैश्य, ओम प्रकाश श्रीवास्तव, कामता चौरसिया, सभासद अजय दुबे, करुणा शंकर दुबे, गिरधारी जायसवाल, सुरेश जायसवाल,अरविंद मौर्या, राम नरेश चौहान, राजीव मोदनवाल, अजय चौहान, मनीष गुप्ता, आशीष चौहान, राहुल गौतम, मुस्कान सोनी, मो. अली सिद्दीकी, अमजद खान, शिवलाल पाल और अतुल यादव सहित शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी, बूथ अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
