
दुर्गागंज से निकली जिलास्तरीय जागरूकता शोभायात्रा, भदोही में पूजा पंडालों और कारखानों में तैयारियां तेज
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। भगवान विश्वकर्मा की पूजा को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। 17 सितंबर को होने वाले विश्वकर्मा पूजा समारोह से पहले मंगलवार को दुर्गागंज से भदोही तक जिलास्तरीय विश्वकर्मा जागरूकता शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने शामिल होकर भगवान विश्वकर्मा का जयघोष किया। इससे पूरे मार्ग का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

शोभायात्रा की शुरुआत सुरियावां नगर पंचायत अध्यक्ष विनय चौरसिया ने फीता काटकर की। उन्होंने शोभायात्रा में शामिल लोगों के लिए सुरियावां में जलपान की व्यवस्था भी कराई। रामराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में निकली यात्रा में डॉ. घनश्याम विश्वकर्मा, वीरेंद्र विश्वकर्मा, राजेश विश्वकर्मा, नंदलाल, राम आसरे, गुलाब, मिश्री, संतोष, कन्हैया विश्वकर्मा, सुरेंद्र विश्वकर्मा, घनश्याम विश्वकर्मा, पूर्व सैनिक पवन और सुनील विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।
शोभायात्रा दुर्गागंज बाजार से शुरू होकर छनोरा, सुरियावां, मोढ़ और फत्तूपुर होते हुए भदोही पहुंची। इस दौरान स्वर्णकार, लोहार, बढ़ई, ठठेरा और विभिन्न शिल्पकारी से जुड़े विश्वकर्मा समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान विश्वकर्मा के जयकारे लगाए।
पूजा को लेकर कारखानों और पंडालों में तैयारियां तेज
17 सितंबर को होने वाली विश्वकर्मा पूजा को लेकर जिलेभर में तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। कारखानों, प्रतिष्ठानों और मशीनरी से जुड़े स्थानों पर साफ-सफाई का काम चल रहा है। वहीं भदोही नगर के कटरा बाजार में भी विश्वकर्मा पूजा के लिए पंडाल तैयार करने और सजावट का काम शुरू हो गया है। कारीगर और आयोजक पंडाल को आकर्षक रूप देने में जुटे हुए हैं। पूजा को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है।
