
पीड़ित ने 112 और हापुड़ देहात थाने में लगाए चक्कर, रिपोर्ट दर्ज न होने पर SP से लगाई न्याय की गुहार
लेखराज कौशल (जिला प्रभारी )
हापुड़/गढ़। धौलाना जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र से भरोसे को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। मोहल्ला प्रहलाद नगर मंडी निवासी राहुल पुत्र विजयपाल सिंह ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि जान-पहचान के व्यक्ति ने पहले पारिवारिक जरूरत बताकर गाड़ी गिरवी रखकर 2.5 लाख रुपये उधार लिए और बाद में अपने भाई व दो अज्ञात लोगों के साथ मिलकर वही गाड़ी घर के बाहर से चुरा ली। गाड़ी में रखे 50 हजार रुपये नकद व अन्य सामान भी गायब है।
पीड़ित राहुल के अनुसार उसकी वरुण शर्मा निवासी हापुड़ से पुरानी जान-पहचान थी। दिनांक 6.4.2026 को वरुण शर्मा उसके पास आया और अपनी गाड़ी नंबर UP-13 CV-1570 को गिरवी रखने की बात कहकर 2,50,000 रुपये उधार मांगे। भरोसे में आकर राहुल ने रकम दे दी और तय हुआ कि 10.8.2026 तक पैसे लौटाकर वरुण अपनी गाड़ी वापस ले लेगा। इस दौरान राहुल गाड़ी का घरेलू प्रयोग कर रहा था।
आरोप है कि तय तारीख तक वरुण ने पैसे नहीं लौटाए। दिनांक 6.9.2026 को गाड़ी रोज की तरह घर के बाहर खड़ी थी, लेकिन सुबह गायब मिली। आसपास तलाश करने और CCTV कैमरे चेक करने पर पता चला कि वरुण का भाई तरुण शर्मा निवासी HPDA प्रीत विहार, हापुड़ अपने दो अज्ञात साथियों के साथ गाड़ी को चोरी करके ले गया है।
पीड़ित का कहना है कि उसने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर आई लेकिन केवल पूछताछ कर चली गई। इसके बाद वह थाना हापुड़ देहात में रिपोर्ट दर्ज कराने गया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
थाने से निराश होकर पीड़ित ने दिनांक 15.9.2026 को SP हापुड़ को प्रार्थना पत्र देकर थानाध्यक्ष हापुड़ देहात को रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई के आदेश देने की मांग की है।
पीड़ित ने इस मामले में साजिश व षडयंत्र का आरोप लगाते हुए इंसाफ की गुहार लगाई है।
