
आगरा ब्यूरो नरेश कुमार की रिपोर्ट
सीकर के केपीएस स्कूल ग्रुप के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने ताज सुरक्षा पुलिस के उपनिरीक्षक शिवराज सिंह को दिया सम्मान
आगरा, 21 सितंबर। दुनिया के प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल की खूबसूरती देखने आगरा पहुंचे राजस्थान के पर्यटकों ने यहां की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की मित्रवत कार्यशैली की जमकर सराहना की। ताजमहल के पश्चिमी गेट पर राजस्थान के सीकर जिले से आए केपीएस स्कूल ग्रुप के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने ताज सुरक्षा पुलिस के उपनिरीक्षक शिवराज सिंह को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया।
पर्यटकों द्वारा पुलिसकर्मी को सम्मानित किए जाने का यह दृश्य ताजमहल के पश्चिमी गेट पर आकर्षण का केंद्र बना रहा। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने ताज सुरक्षा पुलिस की सुदृढ़, अनुशासित और सहयोगात्मक व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि पर्यटकों के साथ पुलिस का व्यवहार सुरक्षा के साथ-साथ आत्मीयता का भी एहसास कराता है।
पुलिस आयुक्त आगरा दीपक कुमार के निर्देशन में ताजमहल की सुरक्षा में तैनात ताज सुरक्षा पुलिस पर्यटकों की सुरक्षा के साथ उनकी सुविधा और मार्गदर्शन पर भी विशेष ध्यान दे रही है। ताजमहल देखने देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के बीच आगरा पुलिस की फ्रेंडली पुलिसिंग लगातार चर्चा का विषय बन रही है।
ताजमहल की भव्यता और ऐतिहासिक खूबसूरती के साथ पर्यटकों को सुरक्षित और सहज वातावरण उपलब्ध कराने में ताज सुरक्षा पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण बनी हुई है। राजस्थान से आए पर्यटकों द्वारा पुलिसकर्मी को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाना इसी भरोसे और सकारात्मक अनुभव की झलक माना जा रहा है।
ताज की खूबसूरती के साथ पुलिस की मेहमाननवाजी भी बनी पर्यटकों की यादों का हिस्सा।
