
करंट की चपेट में आए तीन युवक, दो घायल; वाराणसी ले जाते समय आदित्य ने तोड़ा दम
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। शहर के मर्यादपट्टी स्थित सरोज बस्ती में मंगलवार को बारिश के दौरान श्री बाल गणेश पूजा समिति के पंडाल में करंट उतरने से 14 वर्षीय किशोर आदित्य सरोज की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य युवक भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद पंडाल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान मर्यादपट्टी निवासी नीरज सरोज के पुत्र आदित्य सरोज के रूप में हुई है। बताया गया कि बारिश के दौरान पंडाल में बिजली की व्यवस्था के बीच अचानक करंट उतर आया। इसी दौरान वहां मौजूद आदित्य के साथ अभिषेक सरोज और सनी सरोज भी करंट की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह तीनों को पंडाल से बाहर निकाला और परिजनों की मदद से इंद्रा मिल स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने आदित्य की हालत गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे वाराणसी ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं अभिषेक और सनी का उपचार कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस पंडाल की बिजली वायरिंग, कनेक्शन और बारिश के दौरान करंट उतरने के संभावित कारणों की जांच कर रही है। हादसा किस वजह से हुआ, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।
कालीन बुनाई मजदूर हैं मृतक के पिता
आदित्य के पिता नीरज सरोज कालीन बुनाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वह भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष भी हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाते रहे।
