लखनऊ से हुआ साइबर जागरूकता कार्यक्रम का सीधा प्रसारण, चिकित्सकों और विद्यार्थियों ने लिया भाग
आगरा से संवाददाता लक्की दिवाकर
आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज परिसर में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का प्रोजेक्टर के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। इसमें मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सकों और एमबीबीएस प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने भाग लिया। लखनऊ से प्रसारित इस कार्यक्रम के जरिए साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में थाना मदन मोहन गेट के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह भाटी अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल हुए। चिकित्सकों और विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को गंभीरता से देखा और साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारियां प्राप्त कीं। इस पहल को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए इसे साइबर शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।
कार्यक्रम में डॉ. दिव्या श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष, फिजियोलॉजी विभाग; डॉ. जीतू सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर, डिपार्टमेंट ऑफ मेडिसिन; तथा डॉ. ऋचा गुप्ता, एसोसिएट प्रोफेसर, डिपार्टमेंट ऑफ फॉरेंसिक मेडिसिन सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।
वहीं, पुलिस टीम की ओर से महिला उपनिरीक्षक रीता, उपनिरीक्षक मोहित कुमार और उपनिरीक्षक शुभम सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित करना रहा।
