
रिपोर्टर: पुलिस दर्पण, आजमगढ़
गंभीरपुर/आजमगढ़। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर सोमवार शाम करीब पांच बजे गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर धनौली के पास तेज रफ्तार कार और साइकिल की टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना देकर दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदपुर पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय जीशान निवासी मुजफ्फरपुर साइकिल से जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जीशान सड़क पर गिरकर घायल हो गया। वहीं कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसे में कार चालक 35 वर्षीय अवधेश नाथ, निवासी हरियाणा, भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी मोहम्मदपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर गंभीरपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई।
थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
