स्वाट, सर्विलांस और पूराकलंदर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; एक अन्य घायल का उपचार जारी
संवाददाता, पुलिस दर्पण | अयोध्या
अयोध्या । अयोध्या के थाना पूराकलंदर क्षेत्र के ग्राम कन्दैला में हुई हत्या की घटना के मामले में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पूराकलंदर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 29 अगस्त 2026 को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की शाम करीब छह बजे कन्दैला गांव में पुराने जमीन एवं रास्ते के विवाद को लेकर रामलगन मौर्या और उनकी मां पार्वती देवी पर गोली और बम से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल रामलगन मौर्या को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था, जबकि उनकी मां पार्वती देवी गंभीर रूप से घायल हुई थीं और उनका उपचार लखनऊ स्थित केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान प्रकाश में आए सचिन उपाध्याय, निवासी घानापुर, थाना कोहड़ौर, प्रतापगढ़ तथा प्राजंल सिंह, निवासी पीपरपुर, अमेठी को गिरफ्तार किया है। दोनों की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले में थाना पूराकलंदर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं, आर्म्स एक्ट तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को न्यायालय अयोध्या के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया है। पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संयुक्त टीम की कार्रवाई से हत्याकांड के खुलासे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

