संवाददाता: प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने शुक्रवार को प्रयागराज बॉर्डर (भीटी) सहित कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, यातायात, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग के माध्यम से ढाबों, रेस्टोरेंट और जलपान की दुकानों के संचालकों को निर्देश दिया कि वे अपनी दुकानों पर रेट सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें और श्रद्धालुओं को केवल ताजा, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ ही बेचें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं मिलावटी या बासी खाद्य पदार्थ मिले तो संबंधित दुकान को सील कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कांवड़ मार्गों, शिविरों और शिवालयों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और नियमित दवा व ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली के तार और पोल सुरक्षित रहें, ताकि करंट से कोई दुर्घटना न हो। साथ ही मोबाइल शौचालय, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई और पर्याप्त डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों और विकास खंडों को कांवड़ यात्रा मार्गों पर क्विक रिस्पांस टीम सक्रिय रखने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्क रहकर जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवरियों के लिए आरक्षित राष्ट्रीय राजमार्ग की उत्तरी लेन पर किसी भी वाहन का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों को रोकते समय आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, उपजिलाधिकारी ज्ञानपुर सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
