एसपी ने किया शुभारंभ, स्नान-शौचालय से लेकर भोजन और स्वास्थ्य जांच तक की नि:शुल्क व्यवस्था
संवाददाता, प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
गोपीगंज। सावन माह में भगवान शिव का जलाभिषेक करने जाने वाले कांवरियों की सुविधा के लिए गोपीगंज में भव्य कांवरिया सेवा शिविर शुरू किया गया। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी और कांवरिया सेवा शिविर समिति, गोपीगंज के तत्वावधान में आयोजित शिविर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने फीता काटकर किया।

शिविर में दूर-दराज से आने वाले कांवरियों के लिए नि:शुल्क स्नानघर, शौचालय, भोजन और नाश्ते की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा कांवरियों के लिए विश्राम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। आयोजकों का कहना है कि यात्रा के दौरान शिवभक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से शिविर में नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। चिकित्सकों की टीम कांवरियों को चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार भी करेगी।
भक्ति गीतों से गूंजा परिसर
शिविर के उद्घाटन अवसर पर चेयरमैन जितेंद्र कुमार गुप्ता ने एसपी अभिनव त्यागी और एएसपी शुभम अग्रवाल का फूल-मालाओं, अंगवस्त्र और उनकी तस्वीर भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान भोलेनाथ की स्तुति से हुई।
कलाकार राजेश परदेशी ने भक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
आयोजकों ने बताया कि सेवा शिविर सावन माह के अंत तक संचालित किया जाएगा। शिवभक्तों को भोजन, विश्राम, स्वास्थ्य सुविधा समेत अन्य आवश्यक सेवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर कोतवाल सच्चिदानंद पांडेय, अधिशासी अधिकारी बीना सिंह, रवि पांडेय, सुधीर सिंह, सभासद मोहित (बाबू उमरवैश्य), इजहार खान, रियाज खान, भाजपा नेता नागेंद्र सिंह, पिंटू यादव समेत नगर के कई गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
