
सुबह से छाए बादलों के बाद हुई झमाझम बारिश, मौसम हुआ सुहाना; गणेश पूजा पंडालों में भी दिखा असर
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। कई दिनों से उमस और चिपचिपी गर्मी से परेशान भदोहीवासियों को बुधवार को हुई झमाझम बारिश से राहत मिली। सुबह से छाए बादल दोपहर से पहले जमकर बरसे। तेज बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम सुहाना हो गया। वहीं, गणेश उत्सव के बीच हुई बारिश ने शहर के पूजा पंडालों में भक्ति और उत्साह को और बढ़ा दिया।
शहर के विभिन्न मोहल्लों में सजे गणेश पूजा पंडाल बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। तेज बारिश शुरू होते ही आयोजक पंडालों, गणेश प्रतिमाओं और पूजा सामग्री को सुरक्षित रखने में जुट गए। कई स्थानों पर तिरपाल लगाकर बारिश से बचाव के इंतजाम किए गए।
मेन रोड स्थित आईसीआईसीआई बैंक के सामने ज्वालामुखी क्लब के पंडाल में बारिश के बीच भी पूजा-अर्चना जारी रही। तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालु पंडाल में पहुंचते रहे और भगवान गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पंडाल से गूंजते ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजकों ने भी प्रतिमा और पूजा सामग्री को बारिश से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए।
बारिश थमने के बाद पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही और बढ़ गई। आरती के दौरान लोगों ने भगवान गणेश की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की। बच्चों और युवाओं में भी गणेश उत्सव को लेकर उत्साह नजर आया।
लगातार उमस से परेशान लोगों ने बारिश के बाद राहत की सांस ली। हालांकि शहर के कुछ निचले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर पानी जमा होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद बारिश ने गणेश उत्सव की रौनक बढ़ा दी। पंडालों में जयकारों की गूंज और बारिश से बदले सुहाने मौसम ने बुधवार को शहर में भक्तिमय माहौल बना दिया।
