संवाददाता: प्रिंस गुप्ता
मण्डल प्रभारी पुलिस दर्पण
मिर्ज़ापुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक विन्ध्याचल परिक्षेत्र, मिर्ज़ापुर पूनम ने गुरुवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय में जनसुनवाई कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं डीआईजी के समक्ष रखीं और पुलिस से संबंधित मामलों में न्याय एवं उचित कार्रवाई की मांग की।

डीआईजी पूनम ने जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से शिकायतों के संबंध में आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने प्रत्येक मामले में तथ्यों की जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न हो और कार्रवाई की प्रगति की लगातार निगरानी की जाए।
डीआईजी ने कहा कि पुलिस विभाग की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समाधान कर उन्हें समय से न्याय दिलाना है। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जनसुनवाई के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए निस्तारण की रिपोर्ट से अवगत कराने के भी निर्देश दिए गए।
