बहराइच। जनपद बहराइच की नानपारा पुलिस ने बहुचर्चित अजय कुमार द्विवेदी हत्याकांड का खुलासा करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी समेत तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बांका (आलाकत्ल) भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी पप्पू उर्फ समीर खान ने मृतक अजय कुमार द्विवेदी को सोशल मीडिया पर तंत्र-मंत्र के जरिए धन वर्षा कराने का झांसा देकर करीब 15 लाख रुपये ऐंठ लिए थे। जब मृतक ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। बाद में घटना को दुर्घटना का रूप देने का भी प्रयास किया गया।
मामले में पहले तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। अब पुलिस ने पप्पू उर्फ समीर खान, जय सिंह और सकलेन रजा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी नानपारा विभांशु गौतम के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह के नेतृत्व में नानपारा पुलिस टीम ने अंजाम दिया।
