आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
89.07 ग्राम सोना, ₹2.82 लाख नकद और वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक बरामद, एक आरोपी निकला हिस्ट्रीशीटर
आगरा। सदर बाजार थाना पुलिस ने बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 89.07 ग्राम सोने के आभूषण, 2 लाख 82 हजार रुपये नकद तथा चोरी में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पर पहले से लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार 18 जून को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 16-17 जून की रात वह पुराने घर चली गई थीं। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर घर में रखे लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पार कर दी। मामले में सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने उखर्रा रोड स्थित मुर्गी फार्म के पास से रजनीकांत उर्फ चंडी और विजय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि चोरी किए गए कुछ आभूषण गलाकर राह चलते एक व्यक्ति को बेच दिए थे और मिले पैसों का हिस्सा आपस में बांटकर मौज-मस्ती में खर्च कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों से बची हुई नकदी, सोने के आभूषण और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी बंद पड़े मकानों की रेकी कर उन्हें निशाना बनाते थे।
हिस्ट्रीशीटर निकला मुख्य आरोपी
गिरफ्तार आरोपी रजनीकांत उर्फ चंडी के खिलाफ आगरा और मथुरा में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
