
तरुण कुमार ब्यूरो चीफ
बरेली । बरेली में उर्स-ए-आला हजरत के चलते जिला प्रशासन ने 8 अगस्त को नगर क्षेत्र के सभी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थान बंद रखने का फैसला किया है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। शहर में लाखों जायरीन के आने से जाम और भीड़ की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। वहीं, उर्स स्थल के आसपास स्थित 10 शिक्षण संस्थानों में 6, 7 और 8 अगस्त तक लगातार तीन दिन की छुट्टी रहेगी। हालांकि जिन संस्थानों में पहले से बोर्ड या अन्य परीक्षाएं तय हैं, वहां परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगी।
8 अगस्त को सभी शिक्षण संस्थान रहेंगे बंद
जिलाधिकारी अविनाश सिंह के आदेश के मुताबिक, 8 अगस्त को बरेली नगर क्षेत्र के सभी यूपी बोर्ड, बेसिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संचालित स्कूल बंद रहेंगे। इसके अलावा सभी तकनीकी कॉलेज, महाविद्यालय, आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों में भी अवकाश रहेगा।
इन 10 संस्थानों में 3 दिन की छुट्टी
उर्स स्थल के आसपास स्थित 10 शिक्षण संस्थानों में 6, 7 और 8 अगस्त तक लगातार अवकाश घोषित किया गया है। इनमें इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज, कस्तूरबा नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज, खलील उच्च माध्यमिक विद्यालय, एसवी इंटर कॉलेज, डीएवी कालीचरण उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामभरोसे लाल गर्ल्स इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शामिल हैं।
लाखों जायरीन के आने से लिया फैसला
जिलाधिकारी ने बताया कि उर्स-ए-आला हजरत के दौरान देश-विदेश और कई राज्यों से बड़ी संख्या में जायरीन बरेली पहुंचते हैं। इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी भीड़ और जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा और आवागमन में होने वाली परेशानी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन विश्वविद्यालयों, कॉलेजों या अन्य शिक्षण संस्थानों में पहले से बोर्ड या अन्य परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही कराई जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों और संस्थानों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
