आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
आगरा। आगामी बारावफात पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित प्रशांत मेमोरियल सभागार में गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस उपायुक्त नगर श्री सय्यद अली अब्बास के नेतृत्व में हुई बैठक में पुलिस, नगर निगम, विद्युत एवं जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ पीस कमेटी के सदस्य एवं संभ्रांत नागरिक शामिल हुए।

गोष्ठी में पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्गों, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने जुलूस मार्गों पर प्रभावी पुलिस बंदोबस्त के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

पुलिस उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने पर जोर दिया। विद्युत, जलकल एवं नगर निगम अधिकारियों को भी पर्व के दौरान निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त नगर/अपराध एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित नगर जोन के समस्त सहायक पुलिस आयुक्त मौजूद रहे। अधिकारियों ने पीस कमेटी के सदस्यों एवं संभ्रांत नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। पुलिस अधिकारियों ने सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखने और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।
