भदोही। भारतीय जनता पार्टी जनपद भदोही संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से 22 जुलाई को जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ विशाल बूथ सम्मेलन आयोजित करेगी। मंगलवार सुबह 10 बजे होने वाले इस आयोजन में जिले के कुल 1404 बूथों के हजारों कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाग लेंगे।

औराई विधानसभा के 442 बूथों का सम्मेलन चित्रांश लॉन (चीनी मिल गेट के पास) में आयोजित होगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. कीर्ति अग्रवाल होंगी। औराई विधायक दीनानाथ भास्कर एवं विधानसभा संयोजक राजेश पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
ज्ञानपुर विधानसभा के 458 बूथों का सम्मेलन चित्रांगना लॉन, ज्ञानपुर में होगा। इसके मुख्य अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिंह होंगे। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद तथा विधानसभा संयोजक विमल मिश्रा भी शामिल होंगे।
भदोही विधानसभा के 504 बूथों का सम्मेलन सुरियावां स्थित दिव्या वाटर पार्क में आयोजित किया जाएगा। यहां पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल मुख्य अतिथि तथा पूर्व विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के विधानसभा संयोजक फूलचंद पंकज हैं।
जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा के नेतृत्व एवं जिला प्रभारी नागेंद्र रघुवंशी के मार्गदर्शन में आयोजित इस महा सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम के जिला संयोजक सतीश चंद्र पांडे हैं।
भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार बूथ सम्मेलन का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना तथा आगामी संगठनात्मक अभियानों को गति देना है। जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि “भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ संगठन है। समर्पित बूथ कार्यकर्ताओं के बल पर ही पार्टी लगातार मजबूत हुई है। यह सम्मेलन संगठन को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा।”
