बहराइच। संसद परिसर के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी एवं अन्य विपक्षी नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहर के पीपल चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस के रूप में पीपल चौराहे पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।
प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखा और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। विरोध-प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि विपक्षी नेताओं के साथ इस प्रकार का व्यवहार जारी रहा तो पार्टी आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी।
