वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की रही मौजूदगी, सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
नरेश कुमार की रिपोर्ट
आगरा। शहर की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं जनसुलभ बनाने की दिशा में आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। थाना सदर बाजार क्षेत्र के अंतर्गत नवनिर्मित सौदागर लाइन पुलिस चौकी का भव्य उद्घाटन पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही इस चौकी का विधिवत संचालन शुरू हो गया, जिससे सदर बाजार और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

उद्घाटन समारोह में पुलिस महकमे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास, अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल, एसीपी लोहामंडी गौरव कुमार, एसीपी हरिपर्वत अनुष्का शर्मा, एसीपी सदर राम परवेज गुप्ता, थाना प्रभारी सदर बाजार विजय विक्रम, चौकी प्रभारी सौदागर लाइन रिक्की पुनिया, कांस्टेबल हरिओम चौधरी सहित कमिश्नरेट के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने अधिकारियों के साथ नई चौकी का निरीक्षण किया और बेहतर पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नई पुलिस चौकी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को शीघ्र पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण रहा। उद्घाटन के बाद सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों एवं पुलिस कर्मियों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई, जहां सभी ने चाट-पकौड़ी सहित विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया।
सौदागर लाइन पुलिस चौकी के शुरू होने से स्थानीय नागरिकों को पुलिस सेवाएं पहले से अधिक तेजी और आसानी से उपलब्ध होंगी। साथ ही क्षेत्र में गश्त, निगरानी और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में भी यह चौकी अहम भूमिका निभाएगी। कमिश्नरेट पुलिस का यह कदम जनसुरक्षा को मजबूत करने और आम जनता के बीच पुलिस की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
