शास्त्र तिवारी मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
गोंडा। पृथ्वीनाथ मंदिर में चढ़ावे और आय-व्यय व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला अधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के बाद मंदिर प्रशासन में नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई।

नई व्यवस्था के तहत मंदिर में प्राप्त होने वाले चढ़ावे की गणना प्रत्येक माह की 5 तारीख को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में की जाएगी। गणना के बाद पूरी राशि का विवरण विधिवत गणना रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा।
इसके अलावा मंदिर की भूमियों की नीलामी, परिसर में स्थित दुकानों के आवंटन तथा आय-व्यय की निगरानी के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है, जिससे सभी कार्य पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से संचालित हो सकें।
मंदिर के प्रधान पुजारी जगदम्बा प्रसाद तिवारी ने जिला प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए बताया कि आज दोपहर 3:30 बजे से नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इससे मंदिर की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और श्रद्धालुओं का विश्वास दोनों मजबूत होंगे।
