स्योहारा में महिला का सोने का कुंडल लेकर फरार हुआ ठग, सीओ और एसपी पूर्वी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

बिजनौर । बिजनौर के थाना स्योहारा क्षेत्र में एक महिला के साथ ठगी की घटना सामने आई है। पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार एक अज्ञात व्यक्ति महिला को बहला-फुसलाकर उसका सोने का कुंडल लेकर फरार हो गया।
       जानकारी के अनुसार,थाना हीमपुर दीपा निवासी खेम सिंह अपनी पत्नी मुननी देवी को दवा दिलाने के लिए स्योहारा स्थित एक नर्सिंग होम लेकर आए थे। खेम सिंह बैंक से रुपये निकालने चले गए, जबकि उनकी पत्नी नर्सिंग होम के पास मौजूद थीं।
           आरोप है कि इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और महिला को बातों में उलझाकर उसके कान का एक सोने का कुंडल उतरवाकर फरार हो गया। जब खेम सिंह वापस लौटे तो उनकी पत्नी ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी।
           घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ धामपुर और एसपी पूर्वी भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा मौके का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पीड़ित द्वारा थाना स्योहारा में तहरीर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।