मिर्जापुर। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से विंध्याचल परिक्षेत्र की पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) पूनम ने सोमवार को गूगल मीट के माध्यम से मिर्जापुर परिक्षेत्र के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।

बैठक में डीआईजी ने कांवड़ यात्रा मार्गों की सुरक्षा, रूट डायवर्जन, यातायात प्रबंधन, गंगा घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन से निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण, हिस्ट्रीशीटरों की सतत निगरानी, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
डीआईजी पूनम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रत्येक फरियादी की शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए।
