
संवाददाता : प्रिंस गुप्ता मंडल प्रभारी, पुलिस दर्पण
मीरजापुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) विंध्याचल परिक्षेत्र, मीरजापुर पूनम ने सोमवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और शिकायतें डीआईजी के सामने रखीं।
डीआईजी पूनम ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की निष्पक्षता के साथ जांच की जाए और पात्र शिकायतकर्ताओं को समय से राहत दिलाई जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
डीआईजी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
