
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को भदोही नगर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर नगर के मंदिरों और धार्मिक स्थलों को आकर्षक झालर एवं रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। कोतवाली परिसर भी आकर्षक रोशनी से जगमगाता रहा। मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां सजाई गईं और विशेष पूजा-अर्चना की गई।
नगर के मर्यादपट्टी स्थित श्रीराम जानकी मंदिर, हरि मंदिर, भरत पैलेस चौराहा स्थित महादेव मंदिर, चकसैफ रामा शिव मंदिर,
बाटा वाली गली में कृष्ण जन्माष्टमी की विशेष सजावट,
कटरा बाजार चौरा माता मंदिर, श्री शीतला माता मंदिर, दारोपुर राधा-कृष्ण मंदिर, आनंद नगर श्रीराम जानकी मंदिर, औराई रोड स्थित हनुमान बाग मंदिर, रेलवे क्रासिंग स्थित श्रीराम मंदिर, भदोही तहसील स्थित दुर्गा जी मंदिर, कोतवाली परिसर स्थित चौरा माता मंदिर, स्टेशन रोड प्राचीन शिव मंदिर में वैष्णो देवी मंदिर में विशेष डिजाइन की झांकी सजाई गई।
मिडिल स्कूल शिव मंदिर, स्टेशन स्थित हनुमान मंदिर और जलालपुर देवी मंदिर समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
कृष्ण जन्म के साथ गूंजा जयघोष
रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का समय होते ही मंदिरों में घंटा-घड़ियाल और शंख की ध्वनि गूंज उठी। श्रद्धालुओं ने ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे लगाए। घर और मंदिरों में बाल गोपाल का पंचामृत से अभिषेक कर नए वस्त्र एवं आभूषणों से श्रृंगार किया गया। आरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
कोतवाली में सुंदरकांड, भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
भदोही कोतवाली परिसर में सुंदरकांड का पाठ आयोजित किया गया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कजरी और संकीर्तन से गूंजा माहौल
जलालपुर में सभासद जितेंद्र यादव ‘पियाजू’ के घर के पास महिलाओं के समूह ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया। महिलाओं ने पारंपरिक कजरी गीत प्रस्तुत किए। इसके साथ ही ‘हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे’ और ‘हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे’ का सामूहिक संकीर्तन किया गया। भजन और संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
राधा-कृष्ण बने बच्चों ने मोहा मन
हरि मंदिर मर्यादपट्टी समेत कई स्थानों पर बच्चों और युवाओं में जन्माष्टमी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं।
श्रद्धालुओं ने बाल गोपाल के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
नगर पालिका ने कराई साफ-सफाई
जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए नगर पालिका परिषद भदोही की ओर से भी विशेष साफ-सफाई व्यवस्था की गई। मंदिरों और प्रमुख मार्गों के आसपास सफाई कराने के साथ सड़कों पर चूने का छिड़काव कराया गया, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा रही।
देर रात तक भदोही नगर में जन्माष्टमी का उत्सव चलता रहा। मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भजन-कीर्तन, आकर्षक झांकियों, रोशनी और कृष्ण जन्म के जयकारों से पूरा नगर कान्हा की भक्ति में सराबोर नजर आया।
