निर्माता को नोटिस भेजने से लेकर 14 दिन में जांच रिपोर्ट देने तक की मांग, व्यापारियों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की उठाई आवाज
आगरा। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में निर्माताओं, थोक और फुटकर व्यापारियों को हो रही कथित परेशानियों के विरोध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश (पंजीकृत), महानगर आगरा ने बुधवार को जिलाधिकारी आगरा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन मुख्य कार्यकारी अधिकारी, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI), एफडीए भवन, कोटला मार्ग, नई दिल्ली के नाम संबोधित किया गया। व्यापारियों ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नमूना लेने की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने, जांच रिपोर्ट निर्धारित समय में उपलब्ध कराने और कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की।
निर्माता को भी बनाया जाता है पक्षकार, लेकिन नहीं भेजा जाता फॉर्म-5क
महानगर अध्यक्ष नरेश पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश में खाद्य पदार्थों के नमूने लेते समय कई मामलों में रिटेलर के साथ निर्माता को भी पक्षकार बना दिया जाता है, लेकिन निर्माता को नमूना लिए जाने के समय जारी किया गया फॉर्म-5क नहीं भेजा जाता। उन्होंने मांग की कि निर्माता को पक्षकार बनाए जाने की स्थिति में फॉर्म-5क उसके पते पर तत्काल पंजीकृत डाक से भेजना अनिवार्य किया जाए।
उन्होंने कहा कि नकली और डुप्लीकेट सामान से संबंधित खबरें लगातार सामने आती रहती हैं। ऐसे में रिटेलर या थोक व्यापारी द्वारा खरीद का बिल प्रस्तुत किए जाने पर ही नमूना लेने की कार्रवाई में निर्माता को पक्षकार बनाया जाना चाहिए, ताकि वास्तविक जिम्मेदारी तय हो सके।
14 दिन में जांच रिपोर्ट देने की मांग
व्यापार मंडल ने खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने में महीनों लगने पर भी सवाल उठाए। नरेश पाण्डेय ने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम में निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप नमूनों की जांच रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश की सभी राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशालाओं में नमूना प्राप्त होने के 14 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट भेजने की व्यवस्था लागू करने की मांग की।
जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो जब्ती और नष्ट करने की कार्रवाई
महानगर कोषाध्यक्ष सुरेश लवानिया ने कहा कि खाद्य पदार्थों को जब्त करने या नष्ट करने जैसी कार्रवाई केंद्रीय जन विश्लेषण प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जानी चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि यदि केंद्रीय प्रयोगशाला की जांच में नमूना मानकों के अनुरूप पाया जाता है, तो उससे पहले की गई कार्रवाई से व्यापारी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऐसे नुकसान की भरपाई के लिए विभाग में व्यवस्था नहीं होने से व्यापारियों की परेशानी बढ़ती है।
उन्होंने फर्जी शिकायतों के आधार पर नमूने लेने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि शिकायतकर्ता की सत्यता की जांच और मिलावट के ठोस आधार मिलने के बाद ही सैंपलिंग की जाए। इससे व्यापारियों के कथित उत्पीड़न और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
धारा 69 के तहत छोटे मामलों में शमन की व्यवस्था लागू करने की मांग
सुरेश लवानिया ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 69 के अंतर्गत मामूली मामलों में शमन की व्यवस्था लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि छोटे मामलों के त्वरित निस्तारण से व्यापारियों को राहत मिलेगी और अनावश्यक मुकदमों का बोझ भी कम होगा।
सीलबंद पैकिंग वाले उत्पादों पर कार्रवाई को लेकर उठाए सवाल
प्रदेश संगठन मंत्री कपूर चंद रावत ने कहा कि निर्माता प्रत्येक छह महीने में अपने खाद्य पदार्थों की जांच सरकार द्वारा निर्धारित एनएबीएल मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं से कराकर रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करते हैं। इसकी जानकारी विभाग के पास भी उपलब्ध रहती है। ऐसे में उन्होंने निर्माताओं के सीलबंद पैक उत्पादों के संबंध में की जाने वाली छापेमारी की कार्रवाई पर पुनर्विचार करने की मांग की।
उन्होंने निजी प्रयोगशालाओं की जांच रिपोर्ट के आधार पर निर्माताओं के खिलाफ कार्रवाई किए जाने पर भी आपत्ति जताई और ऐसी कार्रवाई समाप्त करने की मांग की।
पैकिंग में कमी मिले तो कंपनी जिम्मेदार, रिटेलर नहीं
व्यापार मंडल ने पैकिंग और लेबलिंग से जुड़ी कमियों के लिए थोक एवं फुटकर व्यापारियों को दंडित किए जाने पर भी सवाल उठाए। कपूर चंद रावत ने कहा कि सीलबंद पैकिंग में खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता, पैकिंग और लेबलिंग की जिम्मेदारी मुख्य रूप से उसे तैयार करने वाली कंपनी की होती है। रिटेलर पैकिंग में बदलाव नहीं कर सकता और न ही उसके पास पैक उत्पाद में मिलावट करने का अवसर होता है।
उन्होंने मांग की कि पैकिंग या लेबलिंग में कमी पाए जाने पर संबंधित निर्माता, पैकर या जिम्मेदार कंपनी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। केवल इस आधार पर थोक और फुटकर व्यापारियों को दंडित नहीं किया जाना चाहिए कि उत्पाद उनकी दुकान पर बिक्री के लिए उपलब्ध था।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने वालों में महानगर अध्यक्ष नरेश पाण्डेय, महानगर कोषाध्यक्ष सुरेश लवानिया, प्रदेश संगठन मंत्री कपूर चंद रावत, संतोष गुप्ता, रामकुमार अग्रवाल, विराग जैन, चंद्र मोहन जैन, कपिल बाजपेई, सुधीर गोयल, वीरेंद्र पिप्पल, राजीव जैन, सोनू अग्रवाल, नसीम खान, मोहम्मद सगीर, अबरार खान, राकेश कश्यप, हर्षित अग्रवाल सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।
व्यापार मंडल ने मांग की कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पालन कराया जाए, ताकि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के साथ ईमानदार व्यापारियों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
