फतेहपुर:
गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक का संगठन विस्तार:
ग्राम प्रधान मरियम जहाँ बनीं फतेहपुर की जिला उपाध्यक्ष, कई महिलाओं ने ली सदस्यता ।
भिटौरा ब्लॉक के करमचंद्रपुर सांडा गाँव में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम,अध्यक्ष हेमलता पटेल ने सौंपा नियुक्ति पत्र
“ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को जागरूक और मजबूत बनाकर सशक्त समाज का निर्माण करना हमारा लक्ष्य” —हेमलता पटेल
समाज में न्याय, सच्चाई और महिला उत्थान के लिए निरंतर संघर्षरत सुप्रसिद्ध संगठन ‘गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक’ का आज जनपद में बड़े स्तर पर विस्तार किया गया। संगठन विस्तार कार्यक्रम का भव्य आयोजन जिले के भिटौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम करमचंद्रपुर सांडा में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में संगठन की संस्थापक एवं अध्यक्ष, प्रखर नारी शक्ति श्रीमती हेमलता पटेल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। ग्राम करमचंद्रपुर सांडा पहुँचने पर ग्रामीणों और संगठन की कार्यकर्ताओं द्वारा अध्यक्ष हेमलता पटेल, जिला अध्यक्ष सरला सिंह, सरिता देवी और संयोगिता वर्मा का माला पहनाकर बेहद भव्य और जोरदार स्वागत किया गया ।

ग्राम प्रधान मरियम जहाँ को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी: क्षेत्र की सक्रिय कर्मठ समाजसेविका और वर्तमान ग्राम प्रधान (करमचंद्रपुर सांडा) श्रीमती मरियम जहाँ पत्नी श्री नदीमुद्दीन पप्पू को संगठन द्वारा उनके बेहतरीन कार्यों को देखते हुए फतेहपुर जनपद का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल ने मरियम जहाँ को आधिकारिक नियुक्ति पत्र सौंपा और माला पहनाकर उन्हें इस नए और बड़े दायित्व की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही कार्यक्र म में क्षेत्र की कई अन्य महिलाओं को संगठन की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कराकर गुलाबी कारवां में शामिल किया गया।इस मौके पर उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए अध्यक्ष हेमलता पटेल ने कहा, “मरियम जहाँ जी जमीनी स्तर पर एक सक्रिय समाजसेविका हैं और ग्राम प्रधान के रूप में जनता की सेवा कर रही हैं। उनके द्वारा निरंतर महिलाओं की आवाज उठाने और उनके सेवा भाव को देखते हुए ही उन्हें जिला उपाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हमारा मुख्य लक्ष्य समाज की ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक और मजबूत बनाना है, ताकि एक भयमुक्त और सशक्त समाज का निर्माण हो सके। नवीन जिम्मेदारी मिलने पर नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष व ग्राम प्रधान मरियम जहाँ ने गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल का सहृदय आभार व्यक्त किया। उन्होंने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और ऊर्जा के साथ संगठन को और मजबूत करने तथा हर पीड़ित व शोषित महिला की आवाज बुलंद करने का भरोसा दिलाया।
इस गरिमामयी और ऊर्जावान कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष सरला सिंह, संयोगिता वर्मा, सरिता प्रजापति, शालू, निर्मला, शहरून, सुमन सहित भारी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और संगठन की पदाधिकारी उपस्थित रहीं।
