ब्यूरो, पुलिस दर्पण, आजमगढ़
आजमगढ़। जिले के पवई थाना क्षेत्र के चकिया बखरिया गांव में नाली के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शुक्रवार को हुई मारपीट के दौरान करीब 30 वर्षीय युवक हरिओम पांडेय की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले में प्रधानपति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गांव में नाली को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान हरिओम पांडेय के साथ मारपीट की गई और उसका गला दबा दिया गया। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर प्रधानपति समेत तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका की जांच करते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बताया गया है कि घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हरिओम के घर में एक दिन पहले ही बेटे के जन्म की खुशी थी, लेकिन अगले ही दिन परिवार में मातम छा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी कर रही है।
