
सज-धजकर पूजा की थाली लेकर मंदिर पहुंचीं महिलाएं, समूह में की पूजा-अर्चना
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। हरतालिका तीज के अवसर पर शनिवार को नगर में आस्था और भक्ति का माहौल रहा। महिलाएं सोलह श्रृंगार कर सज-धजकर हाथों में पूजा की थाली लेकर मंदिरों में पहुंचीं। महिलाओं ने समूह में भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
आनंद नगर स्थित श्रीराम जानकी मंदिर, भरत पैलेस चौराहा स्थित महादेव मंदिर, मर्यादपट्टी के हरि मंदिर, नर्मदेश्वर शिव मंदिर और छीतनी तालाब सहित कई मंदिरों में सुबह से महिलाओं की भीड़ रही। महिलाओं ने विधि-विधान से भगवान शिव और माता पार्वती का पूजन किया और हरतालिका तीज की कथा सुनी।
कथा में माता पार्वती द्वारा भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त करने के लिए किए गए कठोर तप और व्रत का वर्णन किया गया। कथा श्रवण के बाद महिलाओं ने परिवार में सुख-शांति और पति की दीर्घायु की कामना की।
इस दौरान मंदिरों में सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन भी हुआ, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मान्यता है कि हरतालिका तीज पर सुहागिन महिलाएं पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। व्रत के दौरान अन्न और जल ग्रहण नहीं किया जाता। पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान के बाद महिलाएं व्रत का पारण करती हैं।
