
संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मण्डल प्रभारी पुलिस दर्पण
पुलिस परिवार के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन, डीएम-एसपी ने दीप प्रज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ
भदोही। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पुलिस लाइन ज्ञानपुर में पुलिस परिवार की ओर से श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास से भरा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी भदोही श्री शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव त्यागी ने विधिवत दीप प्रज्वलित कर किया।
जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस परिवार के बच्चों एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं और जन्मोत्सव पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने श्रीकृष्ण की लीलाओं का भावपूर्ण चित्रण किया, जिसे देखकर उपस्थित अतिथियों एवं पुलिस परिवार के सदस्यों ने जमकर सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इसी क्रम में पुलिस लाइन ज्ञानपुर स्थित मंदिर प्रांगण में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव त्यागी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विधि-विधानपूर्वक भगवान श्रीकृष्ण का पूजन-अर्चन किया। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण से सभी के सुख-समृद्धि एवं जनपद में शांति और सौहार्द बनाए रखने की कामना की गई।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक भदोही श्री शुभम अग्रवाल, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने परिवार के साथ शामिल हुए। जन्माष्टमी का आयोजन पुलिस परिवार के लिए धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी सौहार्द और उत्साह का अवसर भी बना।
