बाराबंकी । जनपद बाराबंकी के तहसील फतेहपुर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक हादसे में अधेड़ व्यक्ति की टीन की चादरों के नीचे दबकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होलीराम पुत्र राम अवतार, निवासी ग्राम बंजरिया, थाना मोहम्मदपुर खाला, किसी पारिवारिक कार्य से अपनी ससुराल, जो तहसील फतेहपुर क्षेत्र में स्थित है, आए हुए थे। बताया जा रहा है कि ससुराल के लिए टीन की चादरें खरीदने के उद्देश्य से वह फतेहपुर कस्बे पहुंचे थे। टीन खरीदने के बाद वह उसे लेकर वापस ससुराल जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रास्ते में टीन की चादरों का एक सेट किनारे रखा हुआ था। इसी दौरान अचानक झटका लगने से टीन की पूरी गड्डी असंतुलित होकर होलीराम के ऊपर गिर पड़ी। भारी टीन की चादरों के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना पर थाना फतेहपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की तथा शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
बताया जाता है कि मृतक होलीराम अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां हैं और अभी तीनों की शादी नहीं हुई है। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता की असमय मौत से बेटियों का भविष्य भी चिंता का विषय बन गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए तथा शोक संवेदना व्यक्त की।
