आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
आगरा। थाना एकता पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में ई-रिक्शा छीनने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक ऑटो और छीने गए ई-रिक्शा की तीन बैटरियां बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को थाना एकता में दर्ज शिकायत में पीड़ित ने बताया था कि 12/13 जुलाई की रात करीब दो बजे वह आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से दो सवारियों को पंचवटी छोड़ने गया था। पीपल वाली गली के पास दोनों सवारियों ने उसका ई-रिक्शा छीन लिया और फरार हो गए। इस मामले में थाना एकता पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर बुधवार को 125 फुटा रोड स्थित कर्नल ब्राइटलैंड स्कूल कट के पास से राहुल राठौर निवासी राजीव नगर, गोबर चौकी, थाना ताजगंज को गिरफ्तार किया गया। साथ ही दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक ऑटो तथा छीने गए ई-रिक्शा की तीन बैटरियां बरामद की हैं। मामले में एक अन्य आरोपी अरविंद अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राहुल राठौर के खिलाफ पहले भी थाना ताजगंज में चोरी और चोरी का माल रखने का मुकदमा दर्ज है। इस कार्रवाई में थाना एकता के थानाध्यक्ष सौरभ सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी नीरज कुमार सहित थाना एकता और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम शामिल रही।
