बदनाम करने की कोशिश का आरोप; एसपी से उच्चस्तरीय जांच की मांग।
बैतूल। पुलिस दर्पण
जिले में साइबर अपराध से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता देवीनाथ लोखंडे ने पुलिस अधीक्षक को दो अलग-अलग आवेदन सौंपकर आरोप लगाया है कि व्हाट्सएप पर संदिग्ध APK लिंक भेजकर उनके मोबाइल को हैक करने की कोशिश की गई। साथ ही, फर्जी शिकायतों और भ्रामक लिंक के माध्यम से उनकी छवि धूमिल करने का भी प्रयास किया जा रहा है।

शिकायत के अनुसार, उनके मोबाइल नंबर 9691376058 पर एक संदिग्ध APK फ़ाइल का लिंक भेजा गया। उनका कहना है कि यह लिंक मोबाइल हैक कर निजी जानकारी, बैंकिंग डेटा और अन्य संवेदनशील सूचनाएं चोरी करने की मंशा से भेजा गया था। उन्होंने सतर्कता बरतते हुए लिंक पर क्लिक नहीं किया, जिससे किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई। दूसरे आवेदन में देवीनाथ लोखंडे ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग फर्जी लिंक और भ्रामक शिकायतों के जरिए उन्हें बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। उनका कहना है कि बिना किसी तथ्यात्मक सत्यापन के उनके नाम का दुरुपयोग किया जा रहा है, जिससे उनकी सामाजिक और पेशेवर प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हो रहा है।
दोनों आवेदनों में पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की साइबर जांच कराने, संबंधित मोबाइल नंबरों और डिजिटल गतिविधियों की तकनीकी पड़ताल करने तथा दोषियों के खिलाफ आईटी एक्ट और अन्य प्रासंगिक कानूनी धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
देवीनाथ लोखंडे ने कहा कि आज साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और आम नागरिक भी ऐसे फर्जी APK लिंक तथा ऑनलाइन ठगी का शिकार हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस से इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की अपील करते हुए कहा कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई होने से भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सकेगी।
