
संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मण्डल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। कोछिया गांव के चकवेजू मौजे में भूमिधरी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर तहसीलदार भदोही अशोक शुक्ला के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और गाटा संख्या 69 से अवैध कब्जा हटवाया।
तहसीलदार अशोक शुक्ला, नायब तहसीलदार विजय श्रीवास्तव और कानूनगो सुरेश चौरसिया की मौजूदगी में राजस्व टीम ने जमीन की पैमाइश और कार्रवाई की। सुरक्षा के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। जमीन पर बोई गई धान की फसल को ट्रैक्टर चलवाकर जुतवा दिया गया।
प्रशासन ने यह कार्रवाई एसडीएम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में की। कार्रवाई के बाद पीड़ित मनोज कुमार दुबे को उनकी भूमिधरी जमीन पर दखल-कब्जा दिलाया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेश के बाद भी यदि कोई व्यक्ति दोबारा जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की कार्रवाई से मौके पर काफी देर तक हलचल बनी रही।
