जनसहभागिता से साकार हुआ हरित संकल्प, बलरामपुर में लक्ष्य से अधिक हुआ महावृक्षारोपण
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिला जनसमर्थन, 135% उपलब्धता के साथ लक्ष्य से अधिक हुआ महावृक्षारोपण
संवाददाता विजय कश्यप
बलरामपुर । उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग द्वारा वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-2026 का सफल आयोजन किया गया। राज्यव्यापी अभियान के अंतर्गत वन विभाग सहित 26 विभागों के समन्वित प्रयासों से प्रदेशभर में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।
अभियान का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि, जैव विविधता का संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करना है। इस वर्ष अभियान का मुख्य संदेश “उठो, बढ़ो, हाथ मिलाओ – माँ के नाम पेड़ लगाओ” तथा “एक पेड़ माँ के नाम” रहा।

जनपद को इस महाअभियान के अंतर्गत 47,66,100 पौधों के रोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ था।
लक्ष्य की शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने के लिए पूर्व से ही 64,00,233 पौधों (135 प्रतिशत) की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई थी। अभियान के अंतर्गत जनपद में विभागवार निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधों का रोपण किया गया। पौधरोपण में पीपल, बरगद, पाकड़, आम, सागौन, फलदार, औषधीय, शोभाकार तथा अन्य स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत सिसई स्थित राप्ती नदी तट पर किया गया, जहाँ लगभग 1100 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. कुमकुम धर, अध्यक्ष, बिरजू महाराज कथक संस्थान, लखनऊ रहीं। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी श्री कुमार प्रशांत, सचिव, राज्य सूचना आयोग, उत्तर प्रदेश रहे।
कार्यक्रम में मा. विधायक सदर श्री पल्टूराम, सदस्य विधान परिषद श्री साकेत मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी, जिलाधिकारी श्री विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता, प्रभागीय वनाधिकारी श्री गौरव गर्ग, डिप्टी कमांडेंट सशस्त्र सीमा बल, उप प्रभागीय वनाधिकारी तुलसीपुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सशस्त्र सीमा बल के जवानों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर वृक्षारोपण किया।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने जनमानस को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं का अद्भुत संगम है। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के प्रति सम्मान तथा प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व का संदेश देता है। उन्होंने सभी से लगाए गए पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान हरिशंकरी (पीपल, बरगद एवं पाकड़) के पौधों का विशेष रूप से रोपण किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. कुमकुम धर ने हरिशंकरी पौधा रोपित किया। नोडल अधिकारी श्री कुमार प्रशांत ने पीपल, विधायक श्री पल्टूराम ने बरगद, सदस्य विधान परिषद श्री साकेत मिश्र ने पाकड़, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी ने पीपल तथा जिलाधिकारी श्री विपिन कुमार जैन ने पाकड़ का पौधा रोपित किया। अन्य अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने यह संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करेंगे, जिससे यह महाअभियान केवल पौधरोपण तक सीमित न रहकर हरित एवं समृद्ध भविष्य की दिशा में स्थायी जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़े।
अंत में वृक्षारोपण कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं जनमानस का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
