संवाददाता विजय कश्यप
पचपेडवा, बलरामपुर। जनपद बलरामपुर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण प्रमुख जिला मार्ग उतरौला-पचपेड़वा-चंदनपुर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर पूर्व विधायक 292 गैसड़ी विधानसभा शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’ द्वारा लगातार किये जा रहे प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। उनके द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र के बाद लोक निर्माण विभाग ने इस मार्ग के पैच मरम्मत कार्य के लिए प्रारंभिक आगणन को स्वीकृति हेतु शासन को भेज दिया है।

पूर्व विधायक ने अपने पत्र दिनांक 29/07/2026 में मुख्यमंत्री को अवगत कराया था कि यह मार्ग किमी 17.700 से किमी 38.850 तक पैच मरम्मत द्वारा यातायात सुगम कराया जाना जनहित में अतिआवश्यक है। उन्होंने उल्लेख किया था कि जनपद बलरामपुर भारत सरकार के Transformation of Aspirational Districts में शामिल 8 जनपदों में से एक है। विधानसभा गैसड़ी हिमालय की तलहटी में बसे होने के कारण पहाड़ी नालों में आने वाली बाढ़ से यह मार्ग क्षतिग्रस्त होता रहता है।

यह मार्ग जनपद बलरामपुर का बहुत ही महत्वपूर्ण एवं व्यस्त मार्ग है जो सिद्धार्थनगर, गोंडा, अयोध्या, बस्ती, श्रावस्ती, बहराइच एवं प्रयागराज जिलों को सीधे जोड़ता है। साथ ही चंदनपुर ग्राम से होते हुए पहाड़ पर बसे लगभग 70 थारू जनजाति के गांवों एवं नेपाल सीमा तक का आवागमन इसी मार्ग से होता है।
इसी पत्र के क्रम में कार्यालय मुख्य अभियंता, देवीपाटन (गोंडा) क्षेत्र, लो.नि.वि., गोंडा के पत्रांक 6986 / 5याता0 / 2026 दिनांक 18/08/2026 द्वारा मुख्य अभियंता (मु-1), लखनऊ को प्रस्ताव भेजा गया है।
प्रस्ताव के अनुसार दो भागों में कार्य होगा:
1. चैनेज 17.700 से 26.000 तक (8.30 किमी) – लागत 38.74 लाख रुपये
2. चैनेज 26.000 से 38.850 तक (12.85 किमी) – लागत 39.34 लाख रुपये
कुल लंबाई – 21.15 किमी, कुल लागत – 78.08 लाख रुपये
मुख्य अभियंता (इं. अखिलेश कुमार दिवाकर) ने अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खण्ड, बलरामपुर को निर्देश दिया है कि किसी भिज्ञ अभियंता को भेजकर अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। जल्द ही प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति के बाद कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
