
शिविर में सैंकड़ों युवा अधिवक्ताओं, विधि छात्रों, सहित गणमान्य नागरिकों ने लिया भाग
आगरा। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में युवा अधिवक्ता संघ आगरा मंडल के द्वारा आगरा शहर के लाइफ लाइन चैरिटेबल ब्लड बैंक में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान के द्वारा किया गया एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में खादी ग्राम उद्योग के मंत्री एवं पूर्वांचल संस्कृति सेवा समिति के अध्यक्ष शंभू नाथ चौबे रहे।
इस अवसर पर डॉ. बबीता चौहान ने कहा कि अधिवक्ताओं ने समाज में एक नई मिसाल पेश की है।आमतौर पर लोगों की मानसिकता अधिवक्ताओं के प्रति यही रहती है कि अधिवक्ता सिर्फ कचहरी में लोगों के काम आते हैं। सामाजिक जीवन से उनका कोई सरोकार नहीं होता परंतु युवा अधिवक्ता संघ के मंडल अध्यक्ष नितिन वर्मा एडवोकेट एवं उनकी टीम ने सराहनीय कार्य किया है।
विशिष्ट अतिथि शंभू नाथ चौबे ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित है। उनके जन्मदिन पर युवा अधिवक्ताओं द्वारा किया गया यह रक्तदान शिविर देश सेवा और मानव सेवा का सबसे उत्तम उदाहरण है। युवा देश की रीढ़ हैं, और जब समाज का पढ़ा-लिखा युवा वर्ग इस तरह के मानवीय कार्यों के लिए आगे आता है, तो इससे पूरे समाज को एक सकारात्मक संदेश जाता है। मैं इस पुनीत कार्य के लिए युवा अधिवक्ता संघ की पूरी टीम को बधाई देता हूँ।’
युवा अधिवक्ता संघ के मंडल अध्यक्ष नितिन वर्मा ने बताया समाज में सिर्फ रक्त ही एक ऐसा स्रोत है जो एक इंसान दूसरे इंसान से प्राप्त कर सकता है आज तक ऐसी कोई मशीन नहीं बनी जो मानव रक्त का निर्माण कर सके इसीलिए लोगों की मानवीय संवेदना जागृत रहनी चाहिए जरूरतमंदों को रक्त का दान महा दान है। शिविर में मुख्य रूप से वरिष्ठ अधिवक्ता उमेश कुमार वर्मा, रक्तदाताओं में अधिवक्ता कृपाल सिंह वर्मा, अधिवक्ता प्रवेन्द्र कुमार सिंह, कुंवर यीशु चौहान सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का धन्यवाद हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. सुमन सुराना के द्वारा दिया गया।
