ब्यूरो रामकुमार कानपुर देहात
कानपुर देहात। जिला बार एसोसिएशन, कानपुर देहात के तत्वावधान में जनपद न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय भारत सिंह यादव की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। अधिवक्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर ब्रह्मलीन आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला बार एसोसिएशन, कानपुर देहात के अध्यक्ष जितेन्द्र प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि स्वर्गीय भारत सिंह यादव ने वर्ष 1978 में कानपुर में वकालत प्रारम्भ कर विधि-जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। वह लॉयर्स एसोसिएशन, कानपुर के महामंत्री तथा जिला बार एसोसिएशन, कानपुर देहात के उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष रहे।
एकीकृत बार एसोसिएशन, कानपुर देहात के गठन के समय एल्डर्स कमेटी के संस्थापक चेयरमैन तथा बार काउंसिल की अनुशासन समिति के सदस्य के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण दायित्व निभाया। कमजोर और निर्धन वादकारियों के प्रति उनकी संवेदनशीलता तथा युवा अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सम्पत लाल यादव ने कहा कि भारत सिंह यादव का सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणास्रोत था। उन्होंने कमजोर और जरूरतमंद वादकारियों की सहायता को सदैव प्राथमिकता दी। उनकी विधि-निष्ठा और सामाजिक सरोकार अधिवक्ता समाज के लिए सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।
पूर्व अध्यक्ष जिला बार एसोसिएशन मुलायम सिंह यादव ने कहा कि भारत सिंह यादव अपने व्यवहार और कार्यशैली के कारण अधिवक्ताओं के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे। उन्होंने अनेक युवा अधिवक्ताओं को मार्गदर्शन देकर आगे बढ़ाया। उनके निधन से अधिवक्ता समाज ने एक अनुभवी विधिवेत्ता और कुशल मार्गदर्शक खो दिया।
पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश चन्द्र सिंह गौर ने कहा कि स्वर्गीय भारत सिंह यादव का जीवन न्याय, सेवा और मानवीय संवेदना से जुड़ा रहा। उन्होंने कमजोर वादकारियों की सहायता को अपने विधि-व्यवसाय का महत्वपूर्ण दायित्व माना। उनके विचार और संस्कार आज भी अधिवक्ता समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।
कार्यक्रम के आयोजन में प्रमुख भूमिका अदा करते हुए चौधरी भारत सिंह के शिष्य धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि 10 सितंबर 2020 को बीमारी के दौरान उपचार के समय स्वर्गीय भारत सिंह यादव का असामयिक निधन हुआ और वह ब्रह्मलीन हो गए। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय भारत सिंह यादव के आदर्श,उनके द्वारा दी गई शिक्षा,उनकी न्यायप्रियता और सेवा-भाव को सदैव स्मरण किया जाता रहेगा। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित अधिवक्ताओं ने उनके न्याय, विधि-निष्ठा, सेवा और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
संचालन जिला बार एसोसिएशन महामंत्री नरेन्द्र सिंह सेंगर ने किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष सुभाष चन्द्र यादव, संतोष कुमार, पूर्व महामंत्री घनश्याम सिंह राठौर, अभिषेक सिंह यादव, गौरव, लोकेन्द्र सिंह सेंगर, राजू कुमार, अवधेश कुमार, निर्मल, विवेक कटियार, प्रसून सचान, के.के. सिंह, मनमोहन सिंह गौर, प्रदीप कमल, रोहित शुक्ला, योगेन्द्र प्रताप सिंह चौहान, हरदीप सिंह, योगेन्द्र सिसोदिया, महेन्द्र यादव, आनंद स्वरूप शुक्ला सहित भारी अधिवक्ता उपस्थित रहे।
