
धनपारा में प्रशासन की कार्रवाई से मचा हड़कंप, हाईकोर्ट के निर्देश पर हटाया गया अतिक्रमण
पुलिस दर्पण रिपोर्टर कृष्ण चंद शुक्ला बहराइच
पयागपुर/बहराइच। हुजूरपुर थाना क्षेत्र के धनपारा में नहर विभाग की भूमि पर किए गए कथित अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई की। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटवाया। कार्रवाई के दौरान तीन मकान और एक दुकान को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। प्रशासन की कार्रवाई से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
तहसीलदार पयागपुर अंबिका प्रसाद चौधरी ने बताया कि उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ के निर्देशों के अनुपालन में कार्रवाई की गई है। संबंधित भूमि नहर विभाग की है और यहां लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। राजस्व विभाग के अनुसार संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ पूर्व में बेदखली के आदेश पारित किए जा चुके थे। कब्जा हटाने के लिए उन्हें कई बार अवसर भी दिया गया, लेकिन निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
इसके बाद प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार विशेश्वरगंज निशांत राना, कानूनगो रामलाल, लेखपाल पंकज व सौरभ पाठक समेत हुजूरपुर थाने का पुलिस बल मौजूद रहा। तहसीलदार ने कहा कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
