
कारखानों और प्रतिष्ठानों में भी हुई पूजा-अर्चना, भक्ति गीतों से गूंजा नगर
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता भदोही
भदोही। शिल्पकार भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर गुरुवार को नगर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। चकईनायत लोहराना गली में विश्वकर्मा पूजा समिति की ओर से भव्य पंडाल सजाकर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई।
पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर भगवान विश्वकर्मा का दर्शन-पूजन किया और सुख-समृद्धि की कामना की। शाम होते ही भक्ति गीतों से लोहराना गली का माहौल भक्तिमय हो उठा। पंडाल के आसपास श्रद्धालुओं की चहल-पहल देर शाम तक बनी रही।
वहीं नगर के विभिन्न कारखानों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई। मशीनों और औजारों की साफ-सफाई कर उन्हें व्यवस्थित किया गया और पूजा के बाद प्रसाद वितरित किया गया। कारीगरों, श्रमिकों और कारोबारियों ने भगवान विश्वकर्मा से काम-धंधे में उन्नति, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
विश्वकर्मा पूजा को लेकर नगर में जगह-जगह उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। सुबह से ही पूजा स्थलों पर लोगों की आवाजाही रही। कई स्थानों पर भक्ति गीतों और धार्मिक आयोजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
चकईनायत लोहराना गली में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के संरक्षक प्रदीप विश्वकर्मा(‘दीपू’,)
अध्यक्ष अमित विश्वकर्मा, अमन विश्वकर्मा, पंकज, रौनिक, आदर्श, संस्कार, गोलू, प्रियांशु, नीरज, चंदन विश्वकर्मा आदित्य, अंशु विश्वकर्मा, रजत विश्वकर्मा और ओम मोदनवाल सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।
