बाराबंकी । जनपद बाराबंकी के फतेहपुर में मंगलवार को माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। तहसील क्षेत्र के करीब 40 माध्यमिक विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राओं ने रैली में भाग लेकर शिक्षा के महत्व का संदेश दिया। क्षेत्रीय विधायक संकेंद्र प्रताप वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली

को रवाना किया। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां विद्यार्थियों ने शिक्षा से जुड़े प्रेरक नारे लगाकर लोगों को बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने और नियमित रूप से पढ़ाई के लिए प्रेरित किया।
विधायक ने दिखाई हरी झंडी
रैली का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक संकेंद्र प्रताप वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी भी विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत उसकी शिक्षित युवा शक्ति होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा आधार बनाने का आह्वान किया और कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही देश आत्मनिर्भर और मजबूत बन सकता है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की।
शिक्षा का दिया संदेश
रैली को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भारतीय युवाओं की प्रतिभा पूरी दुनिया ने देखी। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं के पास बेहतर शिक्षा न होती तो देश वैक्सीन निर्माण जैसी बड़ी उपलब्धियां हासिल नहीं कर पाता। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जो साधारण परिवार के बच्चों को भी देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंचा सकती है।
नगर में निकली जागरूकता रैली
जागरूकता रैली नगर के पटेल चौराहा, हसीन तिराहा, सट्टी बाजार, मुंशीगंज, मस्तान रोड, ब्लॉक तिराहा, बस स्टॉप और तहसील चौराहा सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने वाले नारे लगाए और प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से शिक्षा दिलाने का संदेश दिया। पूरे नगर में रैली को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
40 विद्यालयों की रही भागीदारी
कार्यक्रम में नेशनल इंटर कॉलेज, वारिस चिल्ड्रेंस एकेडमी, आचार्य श्री चंद्रदेव इंटर कॉलेज, आजाद इंटर कॉलेज, युगांतर इंटर कॉलेज, सर्वोदय स्कूल, सच्चिदानंद गुरुकुल संस्कृत विद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज बेलहरा, राजकीय इंटर कॉलेज निंदूरा, आर.आर. इंटर कॉलेज, जय हिंद इंटर कॉलेज, हरिनाथ सिंह सिसोदिया इंटर कॉलेज, सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज और अवध हाईस्कूल सहित करीब 40 विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक अमिता सिंह, एसडीएम कार्तिकेय सिंह, तहसीलदार वैशाली अहलावत, शिक्षक, शिक्षाविद और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
