
आगरा से जिला ब्यूरो चीफ नरेश कुमार की रिपोर्ट
सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से ताजगंज पुलिस ने दबोचा, चैन-मोबाइल और ₹240 बरामद….
आगरा। सब्जी लेने पहुंचे व्यक्ति को रिश्तेदार बताकर विश्वास में लेने और बहला-फुसलाकर उसके गले की चैन लेकर फरार होने के मामले का ताजगंज पुलिस और सर्विलांस सेल नगर जोन की संयुक्त टीम ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी गंगाराम भार्गव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पीली धातु की चैन, मोबाइल फोन और ₹240 बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 की सुबह पीड़ित सब्जी लेने आया था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने खुद को उसका रिश्तेदार बताते हुए उसे विश्वास में लिया और टप्पेबाजी कर उसके गले की चैन लेकर फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर थाना ताजगंज में मु0अ0सं0 327/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। 10 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर मंडी से अंदर की ओर जाने वाले रास्ते से गंगाराम भार्गव को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी गंगाराम भार्गव पुत्र मथुरी, निवासी गांव महोली, थाना कमलापुर, जनपद सीतापुर है। पुलिस ने उसके कब्जे से पीली धातु की एक गले की चैन, एक मोबाइल फोन और ₹240 बरामद किए।
कई मुकदमों में दर्ज है आरोपी का नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगरा के अलावा कानपुर, लखनऊ और उन्नाव में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट, चोरी, माल बरामदगी, धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और बीएनएस की धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी का आपराधिक इतिहास भी दर्ज किया है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नीरज शर्मा, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी, उपनिरीक्षक विकास कुमार, गौरव यादव, रवि शंकर शर्मा, शिवम कुमार तथा कांस्टेबल मोहित और पुनीत यादव शामिल रहे।
