संवाददाता : मंडल प्रभारी मिर्जापुर
भदोही । जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरियावां थाना पुलिस को एक और सफलता मिली है। जानलेवा हमला, धारदार हथियार तथा लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सुरियावां के उपनिरीक्षक जितेन्द्र प्रताप यादव कांस्टेबल महेश कुमार के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा संख्या 168/2026 में वांछित आरोपी महजूदा गेट के पास मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सचिन बिन्द (24 वर्ष) पुत्र सुशील बिन्द, निवासी महदेपुर, थाना सुरियावां, जनपद भदोही के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना सुरियावां में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352, 351(3), 324(2) एवं 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
भदोही पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।
