प्रिंस गुप्ता, मंडल प्रभारी मिर्जापुर, पुलिस दर्पण
मिर्जापुर। मिर्जापुर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर हमला करने, मारपीट, धमकी, हत्या के प्रयास तथा सड़क जाम करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अहरौरा थाना पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को थाना अहरौरा क्षेत्र के कुदरात चौराहे के समीप वाराणसी से सोनभद्र जा रहे एक ट्रक का टायर फटने से सड़क दुर्घटना हो गई थी। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने पुलिस टीम के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाते हुए सड़क जाम कर दी। इस दौरान पुलिस कर्मियों पर हत्या के प्रयास का भी आरोप लगाया गया। घटना के संबंध में थाना अहरौरा पर मुकदमा संख्या 147/2026 दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 26 जुलाई 2026 को दबिश देकर मामले में वांछित नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रभात कुमार मौर्य, रोशन कुमार गुप्ता, लल्लन, राजेश सोनकर, सुनील उर्फ सुशील सोनकर, मनोज कुमार उर्फ विपिन, काजू सोनकर, भानु सोनकर तथा अभिनाश उर्फ अभिनाश राही शामिल हैं। सभी आरोपी थाना अहरौरा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
अहरौरा थाना पुलिस की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षकों एवं पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
