रिपोर्टर..लेखराज कौशल
हापुड़ । जनपद हापुड़ में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में श्रीमान जिलाधिकारी महोदया एवं श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय ने हेलीकॉप्टर के माध्यम से कांवड़ यात्रा मार्गों का हवाई निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के छपकोली शिव मंदिर तथा थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के ब्रजघाट पहुंचकर अधिकारियों ने कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने भगवान भोलेनाथ से सभी श्रद्धालुओं की कांवड़ यात्रा के सकुशल, शांतिपूर्ण एवं मंगलमय संपन्न होने की कामना की। प्रशासन द्वारा यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
