
रामकुमार कानपुर देहात
कानपुर नगर। टिकरा-सुरार मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन और उग्र हो गया। राजवर्धन फाउंडेशन के संस्थापक साकेत सेंगर की अगुवाई में सैकड़ों महिला-पुरुषों ने BSS कॉलेज चौराहे पर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण सड़क पर ही बैठ गए और वहीं चूल्हा बनाकर भोजन बनाना शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से क्षतिग्रस्त इस खूनी सड़क पर दो युवकों की मौत के बाद भी प्रशासन नहीं जागा, इसलिए मजबूरन सड़क जाम करना पड़ा। जाम के दौरान ग्रामीणों ने सड़क पर ही रोटियां सेंकी और बैठकर खाना खाया। महिलाओं ने कहा कि जब तक सड़क नहीं बनेगी, हम रोज यहीं चूल्हा जलाएंगे।
इस दौरान मौके पर स्थानीय पुलिस मौजूद रही और शांति व्यवस्था बनाए रखी। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। साकेत सेंगर ने कहा मुझे किसी जनप्रतिनिधि या अधिकारी से कोई शिकायत नहीं है। यह आंदोलन किसी के खिलाफ नहीं है। हम तो बस अपनी टूटी सड़क बनवाना चाहते हैं। जब तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आकर हमारा ज्ञापन नहीं ले लेता, तब तक हम यहीं बैठे रहेंगे। यह हमारा गांधीवादी सत्याग्रह है। हम सड़क पर ही खाना बनाएंगे और सड़क पर ही रहेंगे।
इस दौरान राजाराम, मन्नू यादव, सोनू पाल, राम कैलाश गौतम, बुद्धिलाल गौतम, अखिलेश कटियार, विजय कुशवाहा, विशाल कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
