आगरा जिला संवाददाता
आगरा।
थाना जगदीशपुरा पुलिस ने दिनदहाड़े राह चलती महिला के गले से चेन छीनने की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई टूटी हुई पीली धातु की चेन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने थाना जगदीशपुरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी माता जोरावर नगर जा रही थीं। इसी दौरान बालाजीपुरम कॉलोनी के पास बाइक सवार युवक ने उनके गले से चेन तोड़ ली और मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना जगदीशपुरा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 2/3 जुलाई की रात 08 नंबर फाटक रेलवे लाइन के पास से आरोपी ओमप्रकाश कुशवाह पुत्र बांकेलाल निवासी सुल्तानपुरा, थाना सदर बाजार, आगरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने मुंह पर साफी बांधकर महिला के गले से चेन छीनी थी।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
