संवाददाता : प्रिंस गुप्ता, पुलिस दर्पण, भदोही
भदोही, 26 जुलाई। जनपद के रामरायपुर स्थित ब्लेसिंग गार्डन में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय यूरोलॉजी सम्मेलन एग्यूसिकॉन-2026 (AGUSICON-2026) के दूसरे एवं अंतिम दिन रविवार को देशभर के प्रतिष्ठित मूत्र एवं जननांग रोग विशेषज्ञ (यूरोलॉजिस्ट) एक मंच पर जुटे। सम्मेलन में आधुनिक चिकित्सा विज्ञान, रोबोटिक सर्जरी, लेजर तकनीक, एंडोस्कोपिक सर्जरी और जटिल यूरोलॉजिकल रोगों के नवीनतम उपचार पर गहन विचार-विमर्श किया गया। लाइव ऑपरेशन (लाइव ओटी) सत्र पूरे सम्मेलन का सबसे बड़ा आकर्षण रहा, जहां विशेषज्ञों ने अत्याधुनिक तकनीकों के माध्यम से जटिल शल्य चिकित्सा का सफल प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. कमाद दीक्षित (झांसी) के “मूत्र पथरी की जांच एवं मूल्यांकन” विषय पर व्याख्यान से हुआ। इसके बाद सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित लाइव ऑपरेशन सत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अत्याधुनिक तकनीकों से जटिल यूरोलॉजिकल सर्जरी का प्रदर्शन किया। इस दौरान उपस्थित चिकित्सकों ने ऑपरेशन की बारीकियों को नजदीक से देखा तथा विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।

दोपहर बाद आयोजित वैज्ञानिक सत्रों में डॉ. एस.के. भारती, डॉ. अचल गुप्ता, डॉ. केदार नाथ साही, डॉ. नीरज श्रीवास्तव, डॉ. नवनीत गर्ग, डॉ. पी.एस. चौधरी तथा डॉ. हरिओम यादव ने मूत्र एवं जननांग क्षय रोग, प्रोस्टेट की एंडोस्कोपिक सर्जरी, यूरोलॉजी में लेजर तकनीक, रोबोटिक सर्जरी, बच्चों में अंडकोष संबंधी आपातकालीन समस्याओं और पीयूजे अवरोध के उपचार एवं उसके दीर्घकालिक परिणामों पर विस्तृत व्याख्यान दिए। विशेषज्ञों ने कहा कि आधुनिक तकनीकों के प्रयोग से मरीजों को कम समय में बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।

सम्मेलन के अंतिम चरण में “प्रत्येक शल्य चिकित्सक को यूरोलॉजी के बारे में क्या जानना चाहिए” विषय पर विशेष पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसका संचालन डॉ. प्रोबल नेओगी ने किया। पैनल में डॉ. अचल गुप्ता, डॉ. केदार नाथ साही, डॉ. एस.के. भारती, डॉ. पी.एस. चौधरी, डॉ. नीरज श्रीवास्तव, डॉ. नवनीत गर्ग और डॉ. हरिओम यादव ने आधुनिक चिकित्सा तकनीकों, जटिल रोगों के उपचार और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से अपने विचार रखे। इस दौरान युवा चिकित्सकों ने विशेषज्ञों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
जीवनदीप हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक एवं सम्मेलन के मुख्य आयोजक डॉ. ए.के. गुप्ता ने कहा कि भदोही में इस स्तर का राष्ट्रीय यूरोलॉजी सम्मेलन आयोजित होना पूरे जिले के लिए गर्व और उपलब्धि का विषय है। उन्होंने बताया कि देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की सक्रिय भागीदारी और सकारात्मक प्रतिक्रिया से यह आयोजन अत्यंत सफल रहा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी भदोही में इससे अधिक व्यापक और उच्चस्तरीय चिकित्सा सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, ताकि आधुनिक चिकित्सा तकनीकों का लाभ चिकित्सकों के साथ-साथ आम मरीजों तक भी पहुंच सके।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. कृष्णा दुबे ने प्रभावी ढंग से किया। उन्होंने पूरे सम्मेलन के दौरान सभी वैज्ञानिक सत्रों का सफल संचालन करते हुए वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया, जिसकी सभी विशेषज्ञों ने सराहना की।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा तकनीकों, वैज्ञानिक शोध और नई शल्य चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी चिकित्सकों तक पहुंचाना है, ताकि मरीजों को विश्वस्तरीय एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
समाचार लिखे जाने तक सम्मेलन का आयोजन जारी था। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का औपचारिक समापन शाम 6 बजे होगा। समापन समारोह में देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों, अतिथियों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मेलन में शामिल चिकित्सकों ने एग्यूसिकॉन-2026 को चिकित्सा जगत के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और भदोही के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक आयोजन बताते हुए जीवनदीप हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड की पूरी टीम की सराहना की।
