
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। दुर्गागंज थाना क्षेत्र के मिल्कीपुर गांव से फरवरी में लापता हुई विवाहिता को पुलिस ने सीतापुर जिले से बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को महिला महमूदपुर में सीतापुर निवासी युवक के साथ मिली थी। पुलिस दोनों को थाने लाई। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया।
मिल्कीपुर निवासी प्रदीप कुमार सिंह की शादी वर्ष 2012 में प्रयागराज निवासी शिल्पा से हुई थी। दोनों के तीन नाबालिग बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक, प्रदीप काम के सिलसिले में दुबई में रहते थे। इसी दौरान शिल्पा की सीतापुर निवासी लालू मिश्रा से जान-पहचान हुई। बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई।
परिजनों के अनुसार, प्रदीप बाद में प्रतापगढ़ में एक धर्मकांटे पर रहने लगे। इसी बीच फरवरी में शिल्पा घर से चली गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो प्रदीप ने दुर्गागंज थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो महिला की लोकेशन सीतापुर में मिली। इसके बाद 9 सितंबर को दुर्गागंज पुलिस ने महमूदपुर से शिल्पा को लालू मिश्रा के साथ बरामद कर लिया। इसके बाद महिला को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया।
बाद में मजिस्ट्रेट के सामने महिला के बयान दर्ज कराए गए। जानकारी के अनुसार, बयान में महिला ने अपने प्रेमी के साथ जाने की इच्छा जताई। पति और परिवार के लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने घर लौटने से इनकार कर दिया।
महिला के तीन नाबालिग बच्चे हैं। उसके घर लौटने से इनकार करने और प्रेमी के साथ जाने की इच्छा जताने का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
