तरुण कुमार ब्यूरो चीफ
बिलासपुर (रामपुर)। बिलासपुर के साहुकारा मोहल्ला निवासी उदय तिवारी पुत्र शिवप्रकाश तिवारी ने पुलिस की ढीली कार्रवाई और आरोपियों पर सख्त धाराएं न लगाने को लेकर अपना विरोध जताया है। 02 अगस्त की रात लगभग 11 बजे घटित हुई घटना को लेकर पीड़ित अपने समर्थकों के साथ बिलासपुर कोतवाली थाने पहुंचे।

पीड़ित उदय तिवारी के अनुसार, दूसरे पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया, जिसमें उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने घर की महिलाओं के साथ भी अभद्रता और छेड़छाड़ की। इसके बावजूद पुलिस ने मामले में उचित व गंभीर धाराएं दर्ज नहीं कीं और न ही अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।
उदय तिवारी ने बताया कि वे पुलिस की अब तक की कार्रवाई से पूरी तरह असंतुष्ट हैं। इस दौरान उन्होंने इंस्पेक्टर जीत सिंह से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच, गंभीर धाराएं जोड़ने और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित पक्ष को मामले की निष्पक्ष जांच करने और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
